home page

रमज़ान और त्योहारों के मद्देनज़र गोरखपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च

 | 
रमज़ान और त्योहारों के मद्देनज़र गोरखपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च


रमज़ान और त्योहारों के मद्देनज़र गोरखपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च


रमज़ान और त्योहारों के मद्देनज़र गोरखपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च


गोरखपुर, 18 मार्च (हि.स.)। आगामी पर्व और पवित्र रमज़ान माह को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर एसपी सिटी निमिष पाटिल के नेतृत्व में शहर के प्रमुख बाजारों में बुधवार काे फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च के तहत सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने भारी पुलिस बल के साथ घोष कंपनी से मदीना मस्जिद, घंटाघर, रेती और नखास चौक तक पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आम जनमानस को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए लोगों से संवाद भी स्थापित किया।

रमज़ान के चलते बाजारों में बढ़ी भीड़ और रौनक को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती है। भीड़भाड़ के बीच चोरी, उचक्कागिरी और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।

फ्लैग मार्च के दौरान इंस्पेक्टर अवधेश तिवारी, नखास चौकी इंचार्ज दुर्गेश कुमार वैश्य, दुर्गाबाड़ी चौकी इंचार्ज संदीप कुमार चौधरी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने स्पष्ट कहा कि त्योहार को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो। साथ ही भीड़भाड़ में खरीदारी करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।

एसपी सिटी ने भरोसा दिलाया कि गोरखपुर पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है और त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी मुस्तैदी से डटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय