home page

खनन क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि : सोनभद्र में लौह अयस्क का नया ब्लॉक

 | 

उद्योग, निवेश और रोजगार सृजन को मिलेगा नया आयाम

वैज्ञानिक अन्वेषण से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती : माला श्रीवास्तव

लखनऊ, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के खनन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के अंतर्गत भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई), उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ द्वारा अन्वेषित जनपद सोनभद्र स्थित लौह अयस्क के ब्लॉक-डी की भूवैज्ञानिक रिपोर्ट बुधवार को सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश शासन माला श्रीवास्तव को औपचारिक रूप से सौंपी गई।

इस अवसर पर सचिव माला श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त ब्लॉक में लगभग 3.02 मिलियन टन लौह अयस्क का भंडार आंकलित किया गया है। इसमें लौह की औसत मात्रा 39.73 प्रतिशत है, जिसे व्यावसायिक दृष्टिकोण से 35 प्रतिशत लौह के कट-ऑफ ग्रेड के आधार पर निर्धारित किया गया है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह प्रदेश के खनिज संसाधनों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए अन्वेषण कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (जीएसआई) द्वारा राज्य सरकार को यह नया लौह अयस्क ब्लॉक हस्तांतरित किया गया है। यह उपलब्धि प्रदेश में खनिज संपदा के सुनियोजित दोहन और उपयोग की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

सचिव ने आगे बताया कि इस ब्लॉक को माइनिंग लीज पर आवंटित करने हेतु ई-नीलामी की कार्यवाही प्रस्तावित है। इसके माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए खनन कार्य को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खनन कार्य प्रारंभ होने के पश्चात राज्य सरकार को राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

इसके साथ ही, इस परियोजना से जनपद सोनभद्र में खनन आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को व्यापक स्तर पर रोजगार प्राप्त होगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि लौह अयस्क के खनन से प्रदेश में लौह एवं इस्पात उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और ‘मेक इन इंडिया’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों को बल मिलेगा।

माला श्रीवास्तव ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहलें उत्तर प्रदेश को खनिज संपदा के क्षेत्र में सशक्त बनाते हुए औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षण एवं रोजगार सृजन के नए आयाम स्थापित करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा