home page

जौनपुर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर निकली भव्य कलश यात्रा

 | 
जौनपुर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर निकली भव्य कलश यात्रा


जौनपुर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर निकली भव्य कलश यात्रा


जौनपुर, 11 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में शासन के निर्देश पर सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी अजय अंबष्ट एवं परमानन्द झा सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

कलश यात्रा कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर डाक बंगला चौराहा होते हुए पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन किया गया तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और भक्ति भाव देखने को मिला।

महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक वातावरण को और अधिक आकर्षक बना दिया। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। कलश यात्रा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और धार्मिक एकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री तथा वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम परिसर के त्र्यंबकेश्वर बहुउद्देशीय हॉल से मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के प्रेरणादायी उद्बोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, पूर्व विधायक दिनेश चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, पूर्व विधायक दिनेश चौधरी समेत अन्य अतिथियों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव