home page

भारत-नेपाल सीमा से सटे छह जिलों में अब तक 205 अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई

 | 

लखनऊ, 09 मई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा से सटे जिलों में अवैध कब्जों और बिना मान्यता संचालित धार्मिक संस्थानों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद पीलीभीत, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज में यह अभियान चलाया गया। महाराजगंज में अब तक 28 अवैध मदरसे मिले हैं। श्रावस्ती में सर्वाधिक 102 अवैध मदरसे मिले हैं, जिन सभी पर प्रशासन का चाबुक चल चुका है। पीलीभीत में भी एक अवैध धार्मिक स्थल मिला है। बहराइच में 13 अवैध मदरसों में से पांच को सील किया जा चुका है, जबकि आठ हटाये गए हैं।

श्रावस्ती जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिले में शुक्रवार तक कुल 102 अवैध मदरसे चिह्नित किये गये हैं। इनमें से सभी 102 को सील कर दिया गयाा है। वहीं एक धार्मिक स्थल को नोटिस दी गई है। इसी प्रकार सार्वजनिक भूमि पर बने पांच मजारों में से चार पर कार्रवाई की गई है। एक का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इसी प्रकार सार्वजनिक भूमि पर मौजूद दो ईदगाह को भी हटाया गया है।

महाराजगंज जिले में शुक्रवार तक कुल 28 अवैध मदरसों पर कार्रवाई हुई है। एक अवैध धार्मिक स्थल को हटाया गया है। इसके साथ ही सार्वजनिक भूमि पर बने पांच मजारों को भी हटाने का कार्य किया है। इसके अलवा सार्वजनिक भूमि पर बने एक ईदगाह को भी चिह्नित किया गया है। फरेंदा तहसील क्षेत्र में परती पर बने अवैध धार्मिक स्थल के आंशिक भाग को कब्जेदार ने स्वयं सहमति के आधार पर हटा लिया है।

बहराइच जिले में अभी तक 24 अतिक्रमण के मामले सामने आए हैं। इनमें सार्वजनिक भूमि पर मौजूद 13 अवैध मदरसों में से 13 को नोटिस देते हुए पांच को सील और आठ मदरसों को हटाया गया है। आठ अवैध धार्मिक स्थलों को नोटिस देते हुए दो को हटाने की कार्रवाई की है। दो मजारों में से सभी को नोटिस देते हुए एक को हटाया गया। एक ईदगाह को नोटिस मिली है। पीलीभीत जिले में अबतक कुल एक अतिक्रमण सामने आया है, जिसे नोटिस दी गई है।

इसके अलावा बलरामपुर जिले में अभी तक 28 अवैध मदरसों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है। इनमें सभी को नोटिस देते हुए 22 को सील किया गया और पांच को हटाया गया है। बचे हुए एक पर आगे कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार सार्वजनिक भूमि पर बने 10 अवैध मजारों में से 8 को हटाया गया। दो को नोटिस देते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। एक अवैध ईदगाह को भी हटा दिया गया है।

इसी तरह सिद्धार्थनगर जिले से सटे नेपाल बॉर्डर से 10 किमी तक सीमा में सार्वजनिक भूमि पर अबतक कुल 22 अतिक्रमण पाए गये हैं। इनमें चार धर्मस्थल, जबकि 18 मदरसे हैं। नौ मदरसों का अतिक्रमण हटाया गया है। वहीं पांच मदरसों को सील किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक वरुण