फर्रुखाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस पर 159 शिकायतों में से मात्र 6 का निस्तारण
फर्रुखाबाद, 05 सितंबर (हि.स.)। संपूर्ण समाधान दिवस पर शनिवार को कायमगंज तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें तहसील क्षेत्र से फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 159 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन मौके पर सिर्फ 6 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए एडीएम ने मौके पर जाकर जांच करने और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में गांव मझोला निवासी रामनरेश ने राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि धारा 24 के तहत राजस्व टीम द्वारा पक्की पैमाइश और मेड़बंदी की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद विपक्षी उनकी कृषि भूमि जोतने से रोक रहे हैं। उन्होंने शांतिभंग की आशंका जताते हुए पुलिस और राजस्व टीम के सहयोग से शांतिपूर्ण तरीके से भूमि पर कब्जा दिलाए जाने की मांग की।
शिवरई बरियार निवासी शैलेंद्र सिंह शाक्य ने लोक निर्माण विभाग की जमीन पर दबंगों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा।
गांव भुढ़िया निवासी शाहनवाज खां ने आरोप लगाया कि उनका मुकदमा अभी विचाराधीन है। इसके बावजूद उच्चाधिकारियों को मुकदमा निरस्त होने की फर्जी आख्या भेज दी गई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, घसिया चिलौली निवासी मीरा देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी की सात वर्षीय पुत्री को उसके पिता द्वारा बेचने और फर्जी गोदनामा कराने की शिकायत की गई है।
उनका आरोप है कि पुलिस द्वारा मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कार्रवाई की गुहार लगाई।
एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जांच कर फरियादी को संतुष्ट करते हुए कार्रवाई की जाए।
इस दौरान एसडीएम अभिषेक वर्मा, तहसीलदार अभिषेक कुमार, सीओ अजय वर्मा, नवाबगंज बीडीओ राधेश्याम, कायमगंज बीडीओ राजेंद्र प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

