home page

कर्मचारी हितों को ध्यान में रखा जाए : मंडल रेल प्रबंधक

 | 
कर्मचारी हितों को ध्यान में रखा जाए : मंडल रेल प्रबंधक


मुरादाबाद, 17 सितम्बर (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय मुरादाबाद के मनन सभागार में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के साथ दो दिवसीय स्थाई वार्ता तंत्र का शुभारम्भ गुरुवार को हुआ। प्रथम दिन की बैठक में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मण्डल में किये जा रहे रेल विकास सम्बन्धी एवं कर्मचारी हितों में किये जा रहे कार्यों का बैठक में विस्तार पूर्वक वर्णन किया।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सुगम तथा सुगंठित रेल कार्यप्रणाली के संचालन एवं कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए उनको लाभान्वित करने के दृष्टिकोण से यह दो दिवसीय वार्ता तंत्र का आयोजन किया जा रहा है I

इस दो दिवसीय वार्ता तंत्र में प्रशासन सम्बन्धी अनेक महत्वपूर्ण विषयों के साथ-साथ रेल कर्मियों के हित एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों एवं यूनियन के पदाधिकारियों के मध्य विस्तारपूर्वक चर्चा हुई I यूनियन ने अपनी अनेक मांगों से प्रशासन को अवगत कराया एवं प्रशासन द्वारा इन मांगों को नियमानुसार पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।

स्थाई वार्ता तंत्र के इस दो दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) प्रेम शंकर झा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओपी) पारितोष गौतम सहित मण्डल के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष तथा उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के मंडल अध्यक्ष एसके उपाध्याय, मंडल मंत्री धर्मवीर सिंह सहित मण्डल संगठन के पदाधिकारी एवं शाखाओं के शाखा अध्यक्ष एवं शाखा मंत्री उपस्थित रहे।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल