home page

आत्मनिर्भरता के प्रतीक स्मार्ट ठेला और 60 लाख के विकास कार्यों का मंत्री नन्दी ने लोकार्पण किया

 | 
आत्मनिर्भरता के प्रतीक स्मार्ट ठेला और 60 लाख के विकास कार्यों का मंत्री नन्दी ने लोकार्पण किया


प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। स्मार्ट ठेले से छोटे व्यापारियों को सुविधाजनक व्यवसाय और स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। उक्त बातें शुक्रवार को प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए लगभग 60 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने कही। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

मंत्री नन्दी ने मुट्ठीगंज कार्यालय के पास गली से गढ़ईया तक आंतरिक गलियों में सीसी रोड एवं नाली निर्माण, मीरापुर में गुरूनानक द्वार के पास वाटर कूलर स्थापना, कोठा पार्चा क्षेत्र में नाली एवं सीसी रोड निर्माण तथा बहादुरगंज क्षेत्र में आंतरिक गलियों के डामरीकरण सहित कुल 60,49,500 रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व मंत्री नन्दी ने नन्दी सेवा संस्थान द्वारा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किए गए स्मार्ट ठेलों का उद्घाटन भी किया। उन्होंने बहादुरगंज चक स्थित शिवाजी पार्क के पास राजकुमार केसरवानी की प्रसिद्ध बद्री कचौड़ी की दुकान पर स्मार्ट ठेले का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं के साथ कचौड़ी-सब्जी का स्वाद भी लिया। इसके बाद मुट्ठीगंज बड़े चौराहे के पास स्मार्ट ठेले पर संचालित शैलेंद्र जायसवाल की 'बीरू चाय' दुकान का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं के साथ चाय भी पी।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी, चौक मंडल अध्यक्ष सुमित वैश्य, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष परमानन्द वर्मा, पार्षद नीरज गुप्ता, श्रीमती कुसुमलता गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल