home page

बिजली जुड़वाने के लिए अब बिजली घर का नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर

 | 
बिजली जुड़वाने के लिए अब बिजली घर का नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर


लखनऊ, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन की ओर से स्मार्ट मीटर लगाने का काम किया जा रहा है। वर्तमान कनेक्शनों पर नया मीटर लगाने और पुराने मीटर हटाने का काम नि:शुल्क किया जायेगा। स्मार्ट मीटर के लिए यदि कोई धन मांगता है तो 1912 पर शिकायत करें। यह जानकारी उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन डा. आशीष गोयल ने सोमवार को शक्ति भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।

डा.आशीष गोयल ने बताया कि सभी नए स्मार्ट मीटर घर के बाहर ही लगाये जाएंगे। स्मार्ट मीटर सभी उपभोक्ताओं के कनेक्शनों पर लगेगा। उपभोक्ता मीटर बदलते समय या नया कनेक्शन लेते समय यह जरूर देख लें कि पिछले मीटर की रीडिंग क्या थी और जो पीली रसीद विभाग की तरफ से उन्हें दी जा रही है उसमें उनका पूरा विवरण सही है या नहीं। मोबाइल नंबर का ख्याल जरूर रखें, क्योंकि तमाम उपभोक्ता गलत मोबाइल नंबर दर्ज कर देते हैं, जिसके बाद पावर कॉरपोरेशन की तरफ से उनके पास सही समय पर सूचना नहीं पहुंच पाती है।

पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली जुड़वाने के लिए बिजली घर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। प्रीपेड मीटर को रिचार्ज करने के बाद ऑटोमेटिक बिजली कनेक्शन जुड़ जायेगा। अगर दो घंटे बाद भी कनेक्शन नहीं जुड़ता है, तो बिजली विभाग की टीम वहां पर पहुंचकर मीटर चेक करने के बाद इसे दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति शुरू करती है। अभी उपभोक्ताओं को तीन दिन तक का ग्रेस पीरियड नेगेटिव बैलेंस होने के बावजूद दिया जा रहा है, पर जल्द ही इसे खत्म भी किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन