home page

पीयू में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के आंतरिक चरण का आयोजन

 | 
पीयू में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के आंतरिक चरण का आयोजन


जौनपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में बुधवार को अभियंता दिवस के अवसर पर स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन -2026 के आंतरिक चरण का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 30 टीमों के कुल 180 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग लिया।

हैकाथॉन में विद्यार्थियों ने विभिन्न समस्या कथनों पर आधारित अपने नवाचारपूर्ण विचार और तकनीकी समाधान निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किए। प्रतिभागी टीमों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन नवाचार, तकनीकी व्यवहार्यता, समस्या समाधान की क्षमता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया गया।

चार सदस्यीय निर्णायक मंडल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. रजनीश भास्कर, कंप्यूटर एप्लीकेशन के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजीव गंगवार, कंप्यूटर साइंस के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रशांत कुमार यादव तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीप प्रकाश सिंह शामिल रहे।

निर्णायक मंडल के सदस्यों ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट का परीक्षण करते हुए उन्हें आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने तकनीकी समाधानों को और अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के लिए मार्गदर्शन किया, ताकि आगामी चरणों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. सत्यम कुमार उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल, डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. अनुराग सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव