कुरसंडा कॉलेज में स्मार्ट क्लास की शुरुआत, अधिक रोचक और प्रभावी बनेगा शिक्षण कार्य
हाथरस, 04 अप्रैल (हि.स.)। सादाबाद क्षेत्र के कुरसंडा इंटरमीडिएट कॉलेज कुरसंडा में शनिवार को एकम तेज फाउंडेशन द्वारा स्मार्ट क्लास के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने विद्यालय में उपकरण स्थापित किए और छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों को उनके उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर फाउंडेशन के पदाधिकारी चौधरी तेजवीर सिंह और शकील मोहम्मद ने बताया कि स्मार्ट क्लास के जरिए विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त, अध्यापक नियमित पाठ्यक्रम को भी डिजिटल माध्यम से पढ़ा सकेंगे, जिससे शिक्षा अधिक रोचक और प्रभावी बनेगी। उन्होंने जोर दिया कि अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिल सकेंगी। स्मार्ट क्लास बच्चों को वीडियो, प्रेजेंटेशन और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से विषयों को आसानी से समझने में सहायता करेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चौधरी तेजवीर सिंह, शकील मोहम्मद और तेजवीर सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय परिवार और क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उपस्थित लोगों में धर्मवीर सिंह दरोगा, डॉ. दिलीप कुमार अमोरिया, देवी चरण सिंह, राजेश कुमार, रामचरण सिंह, वकील साहब, डॉ. शैलेंद्र कुमार, चंदन यादव, राकेश सिंह, अजय कुमार, सुधीर कुमार उपाध्याय, दिनेश गौड़, विनोद विश्वकर्मा, चंदन विश्वकर्मा, यज्ञ कुमार और धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल थे। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार शर्मा ने फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में एक नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य रमेश चंद्र गौतम ने किया। इस अवसर पर निर्मला देवी, विद्या वर्मा, रश्मि यादव और रेखा यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

