home page

कोडिनयुक्त कफ सिरप मामले में एसआईटी की बड़ी कार्रवाई, अंकुल मौर्या की 40 लाख की सम्पत्ति कुर्की का नोटिस

 | 
कोडिनयुक्त कफ सिरप मामले में एसआईटी की बड़ी कार्रवाई, अंकुल मौर्या की 40 लाख की सम्पत्ति कुर्की का नोटिस


जौनपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कोडिनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एसआईटी ने बड़ी पहल की है। गुरुवार को एसआईटी ने आरोपी अंकुल मौर्या को अवैध रूप से अर्जित लगभग 40 लाख रुपये की सम्पत्ति कुर्क करने के संबंध में नोटिस जारी किया है।

एसआईटी के अनुसार, वर्ष 2023 से अब तक इस अवैध कारोबार के जरिए आरोपियों द्वारा बड़ी संपत्ति अर्जित किए जाने की आशंका है, जिसका विस्तृत ब्यौरा जुटाया जा रहा है। मामले की सुनवाई दीवानी न्यायालय में अगली तिथि पर होगी।

इस प्रकरण में शहर कोतवाली में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। अब तक कुल 23 लोगों को आरोपित बनाया गया है, जिनके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किए जा चुके हैं।एसआईटी का नेतृत्व कर रहे सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि अंकुल मौर्या की लगभग 40 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क करने हेतु नोटिस तामील करा दी गई है। यदि अगली पेशी तक कोई राहत नहीं मिलती है तो कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अंकुल मौर्या पहले से ही एक अन्य मामले में जिला जेल में निरुद्ध है।एसआईटी का कहना है कि अवैध कारोबार में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इसी मामले में भोला प्रसाद जायसवाल की गिरफ्तारी सोनभद्र एसआईटी द्वारा की गई थी। वहीं, वाराणसी न्यायालय में पेश हुए आरोपित अंकित श्रीवास्तव की जमानत अर्जी कोर्ट ने खारिज कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव