home page

गायिका आशा भोसले को स्वरांजलि देने में सजेगी भव्य संगीत संध्या : संजय गुप्ता

 | 
गायिका आशा भोसले को स्वरांजलि देने में सजेगी भव्य संगीत संध्या : संजय गुप्ता


कानपुर, 19 जून (हि.स.)। सुरों की दुनिया की महान गायिका आशा भोसले की स्मृति में शनिवार की शाम कानपुर में भव्य संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर के कलाकार उनकी सदाबहार गायकी को स्वरांजलि अर्पित करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा आयोजन की रूपरेखा शुक्रवार को कानपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में साझा की गई। यह जानकारी कानपुर गोल्फ क्लब के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने दी।

बताया कि औद्योगिक नगरी के संगीत प्रेमियों के लिए यह शाम एक विशेष सांस्कृतिक अवसर लेकर आ रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य आशा भोसले के संगीत योगदान को याद करते हुए उनकी समृद्ध संगीत विरासत को सम्मान देना है।

इस संगीत संध्या में उनके फिल्मी करियर के स्वर्णिम दौर से लेकर आधुनिक समय तक के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। स्थानीय कलाकार मंच पर उनके प्रसिद्ध गीतों को अपने अंदाज में प्रस्तुत करेंगे, जिससे श्रोताओं को पुराने सुनहरे दौर की यादें फिर से जीवंत होंगी।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मुंबई के ख्याति प्राप्त गायक मदन शुक्ला की विशेष प्रस्तुति होगी, जो अपनी गायकी से शाम को और भी यादगार बनाएंगे।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में बेहतरीन संगीत संयोजन किया गया है ताकि हर प्रस्तुति प्रभावशाली और श्रोता-प्रिय बन सके।

इस अवसर पर शहर के प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में आईपीएस अंजलि विश्वकर्मा शिरकत करेंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर आईपीएस (डीआईजी, पीएसी) अतुल शर्मा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

कार्यक्रम सिविल लाइंस स्थित राजेन्द्र स्वरूप ऑडिटोरियम में शाम छह बजे से आयोजित होगा।

कानपुर गोल्फ क्लब के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस संगीत संध्या का हिस्सा बनें और आशा भोसले को सामूहिक स्वरांजलि अर्पित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप