ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में सिम्युलेटर ड्राइव टेस्ट शुरू
मुरादाबाद, 08 मई (हि.स.)। मुरादाबाद के ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (डीटीआई) में सिम्युलेटर ड्राइव टेस्ट सेवा शुरू कर दी गई है। सिम्युलेटर से प्रतिदिन करीब 50 लोग फ्री में ड्राइविंग सीखेंगे। टेस्ट में लोगों को गाड़ी से सम्बंधित इंडिकेटर, सेफ्टी बेल्ट, वाइपर, डिपर, क्लच ब्रेक समेत चलाने की सभी सुविधाएं हुबहू मिल रही है। आने वाले दिनों में डीएल आवेदकों को सिम्युलेटर टेस्ट भी देना होगा। परिवहन विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है।
आरआई पवन सोनकर ने बताया कि कांठ रोड स्थित डीटीआई में सिम्युलेटर मशीन लगाई गई है। लोग इसमे फ्री में टेस्ट ड्राइव करेंगे। सिम्युलेटर मशीन ऑटोमेटिक है। आरआई ने आगे बताया कि ड्राइविंग टेस्ट के लिए पहले दिन शुक्रवार को करीब 70 लोग आए। इसमें दो पहिया, लाइट मोटर व्हीकल और कामर्शियल वाहनों के आवेदन भी शामिल रहे। कई ऐसे भी आवेदक आए जो टेस्ट पास नहीं कर पाए थे। डीटीआई में बने ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर वाहन चलाने में आवेदकों को परेशानी होती थी। सिम्युलेटर मशीन में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक जैसी सुविधा है। इस पर ड्राइविंग सीखकर टेस्ट पास करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि सिम्युलेटर मशीन से पहाड़ पर वाहन चलाने जैसी भी सुविधा है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

