home page

मरीजों को बाहर की दवाएं लिखने वाले डॉक्टरों को एसआईसी ने लगाई फटकार

 | 
मरीजों को बाहर की दवाएं लिखने वाले डॉक्टरों को एसआईसी ने लगाई फटकार


मुरादाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय मुरादाबाद (जिला अस्पताल) में मरीजों को पर्चे पर बाहर की दवाएं लिखने वाले डॉक्टरों को एसआईसी ने फटकार लगाई है। सभी विभागों के प्रमुख डॉक्टरों को सख्त हिदायत दी गई है कि जूनियर डॉक्टरों को नियमों की जानकारी दें। जूनियर डॉक्टरों के नए बैच की काउंसिलिंग की गई है। अस्पताल प्रशासन ने साफ कहा है कि यदि बाहर की दवा लिखी तो डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

एसआईसी डॉ. संगीता गुप्ता ने शुक्रवार को अस्पताल के मेडिसिन विभाग, ईएनटी विभाग, नेत्र विभाग के डॉक्टरों से पूछताछ की। पर्चे पर ऐसी दवाएं लिखने के लिए भी मना किया जो प्राइवेट कंपनी की हैं और अस्पताल में उपलब्ध ही नहीं हैं। कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उन्होंने विभाग के सीनियर डॉक्टरों की जिम्मेदारी तय की गई कि मरीजों को बाहर की दवा न लिखी जाए।

एसआईसी डॉ. संगीता गुप्ता ने बताया कि डॉक्टरों को नोटिस जारी किया गया है। अब ऐसा मामला संज्ञान में आया तो कार्रवाई की जाएगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल