home page

सादाबाद में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का श्री गणेश

 | 
सादाबाद में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का श्री गणेश


हाथरस, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद में स्थानीय छाबी मियां बाग मैदान में शुक्रवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस यात्रा से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कथा से पहले आगरा गेट स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में श्रीमद्भागवत महापुराण की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भागवत ग्रंथ का पूजन कर कलश यात्रा शुरू हुई। श्रीधाम वृंदावन से पधारे भागवत प्रवक्ता इंद्रदेव सरस्वती महाराज रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से शुरू होकर कृष्णा टॉकीज, जवाहर बाजार, चौक बाजार, रोडवेज बस स्टैंड और डाकखाना तिराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। यह यात्रा कथा स्थल छाबी मियां बाग मैदान पहुंच कर समाप्त हुई।

विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने रथ पर सवार कथा व्यास इंद्रदेव सरस्वती महाराज का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और धार्मिक जयघोष लगाए। यात्रा में पीले वस्त्र धारण किए सैकड़ों महिलाओं और युवतियों की कतार मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। सिर पर कलश धारण किए इन महिलाओं की आस्था और उत्साह ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। बैंड-बाजों की धुनें और भक्ति गीत पूरे मार्ग में गूंजते रहे। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन धर्म, भक्ति और मानव जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की।

कलश यात्रा और कथा शुभारंभ के अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इस अवसर पर दिनेश चंद्र गर्ग, भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम, गोविंद गोयल, सचिन वर्मा, बीके भावना बहन और सोम प्रकाश वार्ष्णेय सहित कई समाजसेवी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना