home page

श्रीकृष्ण जन्मभूमि : ठाकुर केशवदेव ने दिये राम रूप में दर्शन

 | 
श्रीकृष्ण जन्मभूमि : ठाकुर केशवदेव ने दिये राम रूप में दर्शन


मथुरा, 27 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में रामनवमी पर्व पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भगवान श्रीराम का जन्म महोत्सव मनाया गया। भागवत-भवन स्थित राम मंदिर में श्रीरामचरित मानस के नौ दिवसीय नवान्ह पारायण पाठ के समापन पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने स्वर से स्वर मिलाते हुए मर्यादा पुरूषोत्तम के जन्म पर सुन्दर बधाई गीत हुआ। प्राकट्य पर्व का शुभारम्भ शुक्रवार सुबह से ही भागवत-भवन मंदिर में गणपति स्थापन, शोडष मातृका, नवग्रह-पूजन, गर्भ-स्तुति आदि के साथ हुआ। इसके उपरान्त मध्यान्ह 12 बजे भागवत-भवन में प्रभु श्रीराम के नवस्थापित रजत-विग्रह का दिव्य जन्माभिषेक दूध, दही, गौघृत, शर्करा, शहद, सुगन्धित द्रव्य एवं दिव्य औषधियों से किया गया। पुष्पार्चन के उपरान्त घण्टे, घड़ियाल व शंख ध्वनि के साथ भगवान श्रीराम की प्राकट्य आरती हुयी। श्रीरामजी मंदिर में भव्य फूलबंगला, विशेष श्रृंगार, पोषाक एवं पुष्प सज्जा से सुसज्जित किया गया। रामनवमी पर जन्मस्थान परिसर में स्थित भगवान केशवदेवजी महाराज के मनोहारी श्रीविग्रह के प्रातः से श्रीराम रूप में दर्शन करके भक्तजन आनन्दित हो उठे। इस दौरान संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी एवं डा. रोशन लाल समेत अन्य भक्तजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार