home page

जौनपुर : श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति की बैठक सम्पन्न, 11 नवंबर को निकलेगी शोभायात्रा

 | 
जौनपुर : श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति की बैठक सम्पन्न, 11 नवंबर को निकलेगी शोभायात्रा


जौनपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति के तत्वावधान में सोमवार कायस्थ समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की आवश्यक बैठक गिरिजेश कुमार श्रीवास्तव के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में आगामी 11 नवंबर को भगवान चित्रगुप्त मंदिर बारीनाथ से भगवान चित्रगुप्त मंदिर रूहट्टा तक प्रस्तावित श्री चित्रगुप्त भगवान की शोभायात्रा को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिले के विभिन्न कायस्थ संगठनों को और अधिक मजबूत एवं एकजुट करने की रणनीति बनाई गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शोभायात्रा में केवल कायस्थ समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज के भगवान चित्रगुप्त जी के भक्तों को भी आमंत्रित किया जाएगा। महासमिति के अध्यक्ष मनोज अग्रहरी एवं संयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता सरस चंद श्रीवास्तव के नेतृत्व में सर्व समाज को जोड़ते हुए एक कमेटी का गठन किया जाएगा।

संयोजक सरस चंद श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त सर्व समाज के आराध्य देव हैं। आदि काल से उनकी पूजा-अर्चना होती चली आ रही है। उन्होंने कहा कि उस समय जाति-पाति का कोई भेदभाव नहीं था, इसलिए भगवान चित्रगुप्त की पूजा को सर्व समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक का संचालन महासमिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार विश्व प्रकाश श्रीवास्तव ‘दीपक’ ने किया। आयोजक गिरिजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। महासमिति की अगली बैठक सावन माह के बाद दयाशंकर निगम के अहियापुर स्थित आवास पर करने की सहमति बनी।

बैठक में दिनेश चंद श्रीवास्तव, चंद्रमोहन श्रीवास्तव, डॉ. उमाकांत श्रीवास्तव, दयाल सरन श्रीवास्तव, रमेंद्र नाथ श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, अजय वर्मा, मनोज वर्मा, राजेश श्रीवास्तव ‘बच्चा भैया’, डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, डॉ. सुमित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव