बागपत : पूरा महादेव में श्रावणी मेला शुरू, 20 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना
बागपत, 09 अगस्त (हि.स.)। बागपत जनपद के प्रसिद्ध परशुरामेश्वर (पूरा महादेव) मंदिर में रविवार से चार दिवसीय श्रावणी मेला शुरू हो गया है, जो बुधवार तक चलेगा। मेले से पहले ही शनिवार से कांवड़ियों ने जलाभिषेक शुरू कर दिया है। इस बार करीब 20 लाख से अधिक कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर और कांवड़ मार्गों पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है। साथ ही बम निरोधक दस्ता (BDDS) और एटीएस टीम भी लगातार चेकिंग में जुटी हुई है। पूरे मेला क्षेत्र में करीब चार हजार पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं, जो चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए मंदिर परिसर और कांवड़ मार्गों पर करीब 525 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें अधिकतर आईपी कैमरे हैं, जिनकी लाइव फीड कंट्रोल रूम के साथ-साथ अधिकारियों के मोबाइल पर भी उपलब्ध है।
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नेशनल हाईवे को बंद कर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। बागपत में राष्ट्र वंदना चौक और गौरीपुर मोड़ पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की आवाजाही रोकी जा रही है।
शनिवार को डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय ने हेलीकॉप्टर से मंदिर और कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मंदिर के मुख्य पुजारी जयभगवान शास्त्री के अनुसार 11 अगस्त को सुबह 4:54 बजे मुख्य जलाभिषेक होगा। एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने रविवार काे बताया कि मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे पर ड्यूटी में लापरवाही करने वाले तीन पुलिस कर्मियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

