देसी शराब ठेके में लाखाें की चाेरी, जांच में जुटी पुलिस
देवरिया, 13 मई (हि.स.)। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के समरौना पुल के पास स्थित देशी शराब ठेके में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने गेट का ताला तोड़कर कैश बॉक्स से एक लाख से अधिक रुपये चोरी कर फरार हो गये। बुधवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की।
थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि अनुज्ञापी निशा सिंह की ओर से दी गई तहरीर में बताया कि सेमरौना पुल के लवे चौराहा क्षेत्र स्थित देशी शराब ठेका है। यहां पर चंदन और महेंद्र निगम मुनीम के रूप में कार्य करते हैं। मंगलवार की रात बिक्री की रकम करीब एक लाख दो हजार रुपये कैश बॉक्स में रखा और ठेका बंद करके कर्मचारी चले गये थे। बुधवार सुबह जब ठेके पर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ और कैश बॉक्स से नकदी गायब थी। ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त थे, जिससे आशंका जताई गई कि चोरों ने ठेके का ताला तोड़कर चोरी की गई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। चोरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

