home page

शीतला माता मंदिर में भगदड़ में मृत श्रद्धालुओं को दी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि

 | 
शीतला माता मंदिर में भगदड़ में मृत श्रद्धालुओं को दी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि


औरैया, 01 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में मंगलवार सुबह हुई भगदड़ में 8 से अधिक महिला श्रद्धालुओं की हृदय विदारक मौत और कई अन्य भक्तों के घायल होने की घटना ने श्रद्धालुओं और समाज को शोक में डुबो दिया। यह भगदड़ मघड़ा मेला भ्रमण दर्शन के दौरान हुई, जब पूजा-अर्चना में तीव्र उत्साह और भीड़ का दबाव अचानक मातम में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चैत माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण लगभग 25 हजार श्रद्धालु मंदिर में एकत्रित थे। अचानक मची भगदड़ में लोग आपस में कुचलते हुए भागने लगे, जिससे कई लोग जमीन पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल भक्तों का उपचार बिहार शरीफ सदर अस्पताल में किया जा रहा है।

इस घटना के शोक में उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति ने बुधवार शाम 5 बजे शहीद पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। समिति के सदस्यों ने दिवंगत श्रद्धालुओं को उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को धैर्य व साहस प्रदान करने की कामना की।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने कहा कि भगदड़ के दौरान लोगों को संभालने का कोई अवसर नहीं मिला और भीड़ का नियंत्रण करना मुश्किल था।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बिहार सरकार से मृतक श्रद्धालुओं के परिजनों को उचित मुआवजा और घायलों को संतोषजनक इलाज की मांग की। श्रद्धांजलि सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदना व्यक्त की गई।

समिति ने घटना को बेहद गंभीर मानते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए प्रशासन से उचित सुरक्षा इंतजाम की भी मांग की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री गोपाल सेवा संस्थान के प्रांतीय अध्यक्ष रमन पोरवाल, कपिल गुप्ता, राकेश गुप्ता (बैंक वाले), सखी ग्रुप की अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई, पूनम पुरवार, कमला देवी, सिया दुलारी, चंदन गोयल, शारदा दुबे, करुणा गुप्ता, ममता पांडे, गंगा समग्र के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट, हिमांशु दुबे और अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार