home page

शातिर ने साईकिल से उड़ाया रुपयों का बैग

 | 
शातिर ने साईकिल से उड़ाया रुपयों का बैग


हाथरस, 04 जुलाई (हि.स.)। सादाबाद कस्बे के विनोवा नगर में दिनदहाड़े साइकिल पर टंगा एक बैग चोरी हो गया। बैग में 40 हजार नकद, एक मोबाइल फोन और तीन बैंक पासबुक थीं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जलेसर रोड स्थित विनोवा नगर निवासी विजेंद्र सिंह पिता रनवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 40 हजार रुपए निकाले थे। घर लौटने के बाद उन्होंने नकदी और अन्य सामान एक बैग में रखकर साइकिल पर टांग दिया। इसके बाद वे घर के अंदर स्थित अपनी दुकान खोलने चले गए।

आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर साइकिल पर टंगा बैग उतार लिया और फरार हो गया। जब विजेंद्र सिंह वापस बाहर आए, तो बैग गायब मिला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित के अनुसार, इसके अलावा, भारतीय स्टेट बैंक की तीन पासबुक भी बैग में थीं। इनमें एक पासबुक विजेंद्र सिंह की, दूसरी उनकी पत्नी विमलेश कुमारी की और तीसरी उनके पुत्र रोहन सिंह के खाते की थी।

प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने पुष्टि की कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना