home page

हाथरस पुलिस ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन

 | 
हाथरस पुलिस ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन


हाथरस, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीदों के बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रीय पुलिस बलों के उन जवानों को याद किया, जिन्होंने देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति पुस्तिका से उनके बलिदान का विवरण पढ़कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, निरीक्षक एलआईयू सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। उपस्थित पुलिसकर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। वहीं, मेमोरियल गार्द ने शहीद जवानों को सलामी दी।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि वीर शहीद पुलिसकर्मियों का त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्शों पर चलते हुए प्रत्येक पुलिसकर्मी को ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दिन कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद कर उनके साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण को नमन किया जाता है। वीर शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना