home page

जौनपुर सदर में सात संपर्क मार्गों का लोकार्पण, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार : गिरीश चंद्र यादव

 | 
जौनपुर सदर में सात संपर्क मार्गों का लोकार्पण, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार : गिरीश चंद्र यादव


जौनपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को सदर विधानसभा क्षेत्र में राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के अंतर्गत निर्मित सात संपर्क मार्गों का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने तथा जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को तेजी से पूरा कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्यमंत्री ने कहा कि संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों, विद्यार्थियों और आमजन को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार गांवों में सड़क, पुल, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। लोकार्पित परियोजनाओं में खेतासराय–दीदारगंज मार्ग से जैगहों तक 0.55 किलोमीटर संपर्क मार्ग का निर्माण 19.77 लाख रुपये की लागत से कराया गया। गुरैनी–सोंगर मार्ग से यादव-प्रजापति बस्ती होते हुए गुरैनी मार्ग तक 0.50 किलोमीटर सड़क 14.80 लाख रुपये की लागत से बनाई गई। जपटापुर–भुड़कुडा पिच रोड से लपरी नहर तक 0.40 किलोमीटर संपर्क मार्ग 40.12 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया।

इसी प्रकार मीरापुर–मुबारकपुर मार्ग से पूरा अंधरी गांव में राजीव यादव के घर तक 0.35 किलोमीटर सड़क का निर्माण 12.11 लाख रुपये की लागत से कराया गया। जौनपुर–खुटहन मार्ग से छतौरा तक 0.50 किलोमीटर संपर्क मार्ग का नवनिर्माण 15.70 लाख रुपये तथा जौनपुर–खुटहन मार्ग पर मीरापुर पिच रोड से गुलालपुर तक 0.45 किलोमीटर सड़क 17.51 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई। वहीं, कोइरीडीहा–मल्हनी मार्ग पर ग्राम सभा जर्गे पिच रोड से जर्सी में अरविंद यादव के घर तक 0.37 किलोमीटर संपर्क मार्ग का निर्माण 17.19 लाख रुपये की लागत से कराया गया।

राज्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण संपर्क मार्गों के मजबूत होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।--------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव