home page

सेवा संकल्प यात्रा जौनपुर पहुंची, गौशाला में गायों को गुड़ खिलाकर और चारा परोसकर किया गया सेवा कार्य

 | 
सेवा संकल्प यात्रा जौनपुर पहुंची, गौशाला में गायों को गुड़ खिलाकर और चारा परोसकर किया गया सेवा कार्य


सेवा संकल्प यात्रा जौनपुर पहुंची, गौशाला में गायों को गुड़ खिलाकर और चारा परोसकर किया गया सेवा कार्य


जौनपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी के गृह नगर गुजरात के बड़नगर से शुरू हुई सेवा संकल्प यात्रा मंगलवार को जौनपुर पहुंची। यात्रा के जौनपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सेवा संकल्प टीम ने जिले में विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य किए।

जौनपुर के पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित गौशाला में पहुंचकर टीम के सदस्यों ने गोवंश को गुड़ खिलाया और चारा परोसा। इस दौरान बड़ी संख्या में सेवा संकल्प यात्रा से जुड़े लोग मौजूद रहे। जनपद में पहुंचने पर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन मनोरमा मौर्य के प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य ने यात्रा में शामिल लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने गौशाला में हरे चारे और गुड़ की व्यवस्था भी कराई।

यात्रा के प्रमुख गुजरात निवासी कुलदीप बारोट ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा गुजरात के बड़नगर से शुरू होकर वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मस्थली से उनके कर्मस्थल तक निकाली गई 20 दिवसीय यात्रा है।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों और शहरों में लोगों से संपर्क कर सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी जा रही है। कहीं मेडिकल कैंप लगाए जा रहे हैं तो कहीं सफाई अभियान और अन्य सेवा कार्य किए जा रहे हैं। यात्रा के माध्यम से लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ के बारे में जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।

बारोट ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के दौरान किए गए कार्यों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है। बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाराणसी पहुंचने के बाद इस यात्रा का समापन होगा। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।--------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव