home page

मुरादाबाद : सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा में गूंजा राष्ट्रसेवा का संदेश

 | 
मुरादाबाद : सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा में गूंजा राष्ट्रसेवा का संदेश


मुरादाबाद : सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा में गूंजा राष्ट्रसेवा का संदेश


- सेवा के रंग, राष्ट्र के संग कार्यक्रम में बनी 11,000 वर्गफुट की विशाल रंगोली

मुरादाबाद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रव्यापी “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा महानगर मुरादाबाद द्वारा बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। जिगर मंच पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार तथा विशिष्ट अतिथि जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री डॉ. प्रमेंद्र जांगड़ा ने कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल माध्यम से संबोधन सुना।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 गौरवशाली वर्ष राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकास के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा हैं। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ उनके नेतृत्व में देश निरंतर विकसित भारत के संकल्प की ओर आगे बढ़ रहा है।

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का जनसेवा का सफर राष्ट्र के प्रति समर्पण, सुशासन और अंत्योदय की भावना का प्रतीक है।

जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री डॉ. प्रमेंद्र जांगड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनसेवा की नई मिसाल स्थापित की है।

इसके उपरांत सेवा ज्योति प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा जिगर मंच से प्रारंभ होकर एकता द्वार, जैन मंदिर होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ।

सिविल लाइन स्थित पीएमएस स्कूल में “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” कार्यक्रम के अंतर्गत 11,000 वर्गफुट की विशाल रंगोली तैयार की गई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के प्रेरणादायी जनसेवा कार्यकाल तथा उनके द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों को रचनात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया।

विद्यालय एवं विभिन्न संस्थाओं के लगभग 1000 छात्र-छात्राओं ने मिलकर इस भव्य रंगोली का निर्माण किया।

इस अवसर पर नगर विधायक रितेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, विधायक कुंदरकी रामवीर सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला अध्यक्ष गिरीश भंडूला, आकाश कुमार पाल, सहकारी बैंक के अध्यक्ष विजयभान सिंह, बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष विशेष गुप्ता, अल्पना गुप्ता, प्रिया अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक नवदीप टंडन, निमित जायसवाल, मीडिया प्रभारी अर्चित गुप्ता, सह मीडिया प्रभारी भरत टंडन, मेघा सैनी, पूर्णिमा खन्ना, सुनीता शर्मा, वनिता मल्होत्रा, सिमरन कौर, राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष अनिल चौधरी, पूर्व प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह, परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व विधायक राजेश कुमार, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, स्थानीय कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल