भाटपाररानी में 'सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान' शिविर आयोजित, लाभार्थियों को मिले स्वीकृति प्रमाण-पत्र
देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। देवरिया में जिलाधिकारी के निर्देश पर कल्याण सेक्टर के विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित 'सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान' शिविर के तहत बुधवार को तहसील भाटपाररानी सभागार में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति प्रमाण-पत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा रहे।
शिविर का आयोजन जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला समाज कल्याण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण, जिला प्रोबेशन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अविनाश मणि त्रिपाठी एवं उपजिलाधिकारी भाटपाररानी द्वारा विधायक का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने के साथ हुई।
कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से 10 दिव्यांग लाभार्थियों को कान की मशीन एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा शादी अनुदान योजना के चार लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वहीं छात्रवृत्ति योजना के तहत 30 छात्र-छात्राओं को स्वीकृति प्रमाण-पत्र दिए गए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने भी 10 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक सभाकुंवर कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, पिछड़े, मजलूम, दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अविनाश मणि त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि सहित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

