home page

कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस

 | 
कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस


मुरादाबाद, 02 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं एवं रेल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस की टीमों को सक्रिय रूप से तैनात किया गया है। दोनों टीमें रेलवे अधिकारियों एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर सेवा कार्यों में जुटी हुई हैं।

उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल तथा सिविल डिफेंस, मुरादाबाद मंडल के स्वयंसेवक स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्मों पर श्रद्धालुओं को ट्रेनों में सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से चढ़ने-उतरने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इसके साथ ही वृद्धजनों, दिव्यांग यात्रियों, महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद यात्रियों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराते हुए उन्हें प्लेटफार्मों एवं फुटओवर ब्रिज के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुंचाने में सहायता की जा रही है।

दोनों टीमें श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को उचित प्लेटफार्म, ट्रेन एवं अन्य यात्री सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने, मे आई हेल्प यू सहायता केंद्र के माध्यम से मार्गदर्शन देने, प्राथमिक चिकित्सा (Medical Help) उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित चिकित्सा सेवाओं से समन्वय स्थापित करने का कार्य भी कर रहे हैं। साथ ही, भारी यात्री दबाव के बीच भीड़ प्रबंधन, यात्रियों को कतारबद्ध कर सुरक्षित रूप से ट्रेन में चढ़ाने एवं उतारने तथा स्टेशन परिसर में सुव्यवस्थित आवागमन बनाए रखने में भी इन टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कांवड़ यात्रा के दौरान वर्षा एवं भीषण गर्मी जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक पूरी निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भावना के साथ निरंतर अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक सहयोग, सुरक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए रेलवे के विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ चौबीसों घंटे कार्यरत हैं। पूरे श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान दोनों टीमों की सेवाएं निरंतर 24×7 जारी रहेंगी तथा आवश्यकता के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल