home page

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर सेवा, श्रद्धा और समर्पण के कार्यक्रम

 | 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर सेवा, श्रद्धा और समर्पण के कार्यक्रम


कानपुर, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता रवि बाजपेयी के नेतृत्व में सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई, जिसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों एवं जरूरतमंद लोगों को फल और जूस वितरित किए गए। इसके उपरांत हवन-पूजन, सुंदरकांड पाठ तथा शाम को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है।

इसके बाद भाजपा नेता रवि बाजपेयी अपने सहयोगियों के साथ कल्याणपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों और जरूरतमंद लोगों को फल एवं जूस वितरित किए गए। इस दौरान मरीजों का हालचाल भी जाना गया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना की।

फल वितरण कार्यक्रम के पश्चात मकड़ीखेड़ा स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर प्रांगण में हवन-पूजन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

शाम को आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सभी वर्गों के लोगों की सहभागिता रही और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। आयोजन स्थल पर पूरे दिन उत्साह और जनसहभागिता का माहौल बना रहा।

भाजपा नेता रवि बाजपेयी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन समाज सेवा, राष्ट्रहित और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा कार्यों का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना और सकारात्मक संदेश देना है।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह सहित सत्यवीर सिंह, निखिल चतुर्वेदी, देवेंद्र पाल, देवेंद्र त्रिपाठी, नागेंद्र सिंह, जे.एस. यादव, बी.एन. उपाध्याय, प्रशांत आर्य, मोनू तोमर, रवि ठाकुर, महेंद्र अग्निहोत्री, छोटू पाल, शिवम तिवारी, शोभित दीक्षित, आदिल तथा अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप