सेवा और संस्कार ही यती जी की सबसे बड़ी विरासत है : नीतू सिंह
कानपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। यती भइया का संपूर्ण जीवन सेवा, शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समर्पण का प्रेरक उदाहरण रहा है। उनके आदर्शों को समाज तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। यह बातें रविवार को यती संकल्प संस्थान की संरक्षक सीए नीतू सिंह ने कीर्तिशेष यतीन्द्र जीत सिंह यती भइया की जयंती पर आयोजित सेवा एवं समर्पण कार्यक्रमों के दौरान कहीं।
यती संकल्प संस्थान, बीएनएसडी विद्यालय और रोटरी क्लब ऑफ कानपुर 'अतुल्य' के संयुक्त तत्वावधान में पूरे दिन सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों की शुरुआत वीएसएसडी कॉलेज की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) नीरू टंडन के नेतृत्व में अटल घाट पर स्वच्छता अभियान से हुई। शिक्षकों, विद्यार्थियों और रोटरी सदस्यों ने घाट की सफाई कर स्वच्छ एवं निर्मल गंगा का संदेश दिया
इसके बाद नारायणी देवी गौशाला में गौमाताओं को गुड़ और चना खिलाकर गौ-सेवा की गई। यती संकल्प संस्थान की ओर से हैलट अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को फल वितरित किए गए। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में संचालित बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह बाल संस्कार केंद्र एवं मां सुशीला नरेंद्रजीत सिंह सिलाई केंद्र में आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री वितरित कर शिक्षा सहयोग का संदेश दिया गया
सायंकाल अटल घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वीएसएसडी कॉलेज के कल्चरल क्लब के विद्यार्थियों ने जल संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक कोई प्यासा न रहे प्रस्तुत किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा में 5100 मछलियों का प्रवर्तन किया गया और पर्यावरण संरक्षण तथा जल संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायक प्रदीप श्रीवास्तव ने भजन संध्या प्रस्तुत की। इसके बाद मां गंगा की भव्य महाआरती हुई।
इस अवसर पर यती भइया की नवविवाहित पुत्री वसुंधरा अपने पति यश के साथ उपस्थित रहीं और पिता की स्मृति को नमन किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ कानपुर 'अतुल्य' की अध्यक्ष विभा शुक्ला, सचिव प्रो. (डॉ.) नीरू टंडन, कोषाध्यक्ष कंचन गुप्ता, ऋतेश गुप्ता, पवन शाहदादपुरी, अनिल धूपर, विनय गुप्ता, डॉ. आनंद शुक्ला, डॉ. अंशु सिंह सेंगर, राकेश राम त्रिपाठी, बृजमोहन सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, समाजसेवी, स्वयंसेवक और नागरिक मौजूद रहे। अंत में विभा शुक्ला ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

