home page

सेप्टिक टैंक हादसा: राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने लिया संज्ञान : हरदीप सिंह गिल

 | 
सेप्टिक टैंक हादसा: राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने लिया संज्ञान : हरदीप सिंह गिल


कानपुर, 30 मार्च (हि.स.)। सेप्टिक टैंक की सफाई में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हुआ, यह गंभीर लापरवाही है और दोषियों पर कार्रवाई होगी। यह बातें सोमवार को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने कही।

कल्याणपुर के गोवा गार्डन अपार्टमेंट में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने संज्ञान लिया है। आज उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल कानपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार से उनके घर जाकर मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आयोग ने जिला प्रशासन को पत्र जारी कर रिपोर्ट तलब की थी। मौके पर जांच में सामने आया कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों और मशीनों का इस्तेमाल नहीं किया गया, जो कानून का उल्लंघन है। प्रथम दृष्टया ठेकेदार की लापरवाही पाए जाने पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

उपाध्यक्ष ने कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परिवार के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए पुलिस, नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई में आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों का पालन सख्ती से कराया जाएगा।

इस दौरान राज्य स्तरीय समिति के सदस्य राजू बाल्मीकि, अपर जिला मजिस्ट्रेट, सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर, अपर नगर आयुक्त (प्रथम) और जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बाद में सर्किट हाउस में सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और कार्य परिस्थितियों पर चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप