44 स्वयं सहायता समूहों की 143 महिलाएं तैयार कर रहीं डेढ़ लाख तिरंगे झंडे
बांदा, 09 अगस्त (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार स्वतंत्रता दिवस के पर्व को लेकर इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सक्रिय भागीदार बनाने पर जोर दे रही है। जिसके क्रम में बांदा जिले की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा हर घर तिरंगा अभियान 2026 को लेकर डेढ़ लाख तिरंगे झंडे तैयार किया जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से इन तिरंगे झंडों को बनाने की समूहों को जिम्मेदारी दी गई है और ये महिलाएं स्वतंत्रता दिवस को लेकर झंडा बना रही हैं। जिनके द्वारा बनाए गए तिरंगे झंडे सरकारी विभागों और ग्राम पंचायतों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लगाए जाएंगे। वहीं सरकार के द्वारा इन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भुगतान भी किया जाएगा।
बांदा जिले में तिरंगे झंडे बनाने का काम 44 स्वयं सहायता समूहों की 143 महिलाओं के द्वारा किया जा रहा है। ये महिलाएं पिछले लगभग एक महीने से तिरंगे झंडे बनाने का काम कर रही है और यह लक्ष्य लगभग पूरा कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए इन महिलाओं को तिरंगे झंडे बनाने का काम मिला था। जिसको यह बखूबी निभा रही हैं और इस स्वतंत्रता दिवस में अपनी सक्रिय भागीदारी भी दर्ज करा रही हैं।
एनआरएलएम के डिप्टी कमिश्नर दिवाकर सिंह ने रविवार को बताया कि बांदा जिले में 44 स्वयं सहायता समूहों की 143 महिलाओं के द्वारा तिरंगे झंडे बनाने का काम किया जा रहा है। जिनका भुगतान शासन से होगा। यह महिलाएं झंडों को ग्राम पंचायतों को देगी और फिर इन झंडों को प्रधान और सचिव गांव में वितरित करेंगे। वहीं इन महिलाओं के द्वारा बनाए गए तिरंगे झंडे सरकारी विभागों में भी लगाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

