home page

जनगणना 2027 में पहली बार स्व-गणना का विकल्प, अधिक भागीदारी की अपील : डीएम

 | 
जनगणना 2027 में पहली बार स्व-गणना का विकल्प, अधिक भागीदारी की अपील : डीएम


कानपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना 2027 को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीक आधारित बनाने के लिए इस बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प दिया गया है, जिससे लोग घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। यह पहल जनभागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने में सहायक होगी। “जनपदवासी 7 मई से 21 मई के बीच अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना कर जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करें। यह बातें गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही।

कानपुर नगर में जनगणना 2027 के अंतर्गत सात मई से 21 मई तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी, जिसमें नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य करेंगे। इस संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह देश की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी। इसका पहला चरण मकान सूचीकरण का होगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी और नागरिकों को पहली बार स्वयं गणना करने का अवसर मिलेगा।

स्व-गणना के लिए नागरिकों को पोर्टल पर पंजीकरण कर मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन करना होगा। एक मोबाइल नंबर से केवल एक परिवार का पंजीकरण किया जा सकेगा। नागरिक अपनी पसंद की भाषा चुनकर जिले, पिनकोड और क्षेत्र की जानकारी भरते हुए मानचित्र पर अपने आवास का सटीक स्थान भी चिन्हित कर सकेंगे।

सभी विवरण भरने के बाद “फाइनल सबमिट” करने पर 11 अंकों की पंजीकरण संख्या प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के आने पर दिखाना होगा। यदि जानकारी सही पाई जाती है तो सत्यापन कर लिया जाएगा, अन्यथा पुनः विवरण लिया जाएगा। घर-सूचीकरण में 33 प्रकार की जानकारियां दर्ज की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप