home page

डीडीयू विश्वविद्यालय की महिला बॉक्सिंग टीम का चयन

 | 
डीडीयू विश्वविद्यालय की महिला बॉक्सिंग टीम का चयन


डीडीयू विश्वविद्यालय की महिला बॉक्सिंग टीम का चयन


गोरखपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद में राष्ट्रीय स्तर की अंतर-विश्वविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए विश्वविद्यालय की महिला बॉक्सिंग टीम का चयन किया गया। विभिन्न भार-वर्गों में खिलाड़ियों के चयन के लिए क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. आमोद कुमार राय की अध्यक्षता में चयन समिति ने खिलाड़ियों की प्रतिभा, प्रदर्शन और खेल कौशल का आकलन किया।

चयन प्रक्रिया के उपरांत विश्वविद्यालय की महिला टीम में पांच खिलाड़ियों ने विभिन्न भार-वर्गों में स्थान बनाया। 63-66 किग्रा भार-वर्ग में काजल सिंह, 53-54 किग्रा में माधुरी विश्वकर्मा, 48-50 किग्रा में अंजलि शर्मा, 45-48 किग्रा में शीतल कुशवाहा तथा 81+ किग्रा भार-वर्ग में राधा गौर का चयन किया गया।

खिलाड़ियों के चयन के बाद क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. आमोद कुमार राय ने चयनित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और संयम के बल पर किसी भी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का क्रीड़ा परिषद खिलाड़ियों के सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। खिलाड़ियों की प्रतिभा और आवश्यकता के अनुरूप उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए और विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करना चाहिए।

चयन प्रक्रिया में प्रो. राजवीर सिंह, अध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग, प्रो. विजय चहल, डॉ. बृजेश कुमार, संयुक्त सचिव, डॉ. प्रतिमा जायसवाल, डॉ. संजय कुमार तिवारी, चेयरपर्सन पुरुष वर्ग, खेल विशेषज्ञ श्री बृजेंद्र नाथ पाटिल, श्री वीरेंद्र प्रजापति तथा श्री विजयानंद शाही सहित चयन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा डॉ. आशीष शुक्ला, डॉ. ओम प्रकाश सिंह और डॉ. अखिल मिश्रा भी चयन प्रक्रिया में उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय की महिला खिलाड़ियों के चयन से क्रीड़ा परिषद में उत्साह का माहौल है। चयनित खिलाड़ियों से राष्ट्रीय अंतर-विश्वविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय