home page

बीजों का वितरण अब ऑनलाईन बुकिंग के बाद ई-लॉटरी से किया जाएगा

 | 
बीजों का वितरण अब ऑनलाईन बुकिंग के बाद ई-लॉटरी से किया जाएगा


मुरादाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। जनपद मुरादाबाद के जिला कृषि अधिकारी राजेंद्र पाल सिंह ने शुक्रवार को जनपद के समस्त किसान भाइयों को सूचित किया है कि कृषि विभाग की ओर से खरीफ सत्र 2026-27 में अनुदान पर वितरित किये जाने वाले सभी बीजों का वितरण अब ऑनलाईन बुकिंग के बाद ई-लॉटरी से किया जायेगा।

बीज प्राप्त करने के लिए किसान भाइयों को ऑनलाईन बुकिंग करना जरूरी है, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। ऐसा न करने पर किसान योजना के लाभ से वंचित रह सकते हैं। किसान विभागीय पोर्टल दर्शन https://agriculture.up.gov.in/ पर ऑनलाईन बुकिंग कर सकते है। बुकिंग प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गयी है। ऑनलाईन आवेदन के बाद चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जायेगा, जिसके पश्चात् बीजों का वितरण होगा।

उन्होंने बताया कि खरीफ सत्र के तहत जनपद स्थित राजकीय कृषि बीज भण्डारों से सामान्य एवं मिनीकिट बीज उपलब्ध कराये जायेंगे। सामान्य श्रेणी में धान 08 किग्रा प्रति पैकेट, अरहर 04 किग्रा, मूंग 04 किग्रा, उर्द 04 किग्रा एवं संकर मक्का, संकर बाजरा व संकर ज्वार 04 किग्रा एवं 03 किग्रा शामिल है। वहीं मिनीकिट श्रेणी में अरहर, उर्द, मूंग और मिलेट्स के मिनीकिट्स उपलब्ध रहेंगे।

जिला कृषि अधिकारी ने समस्त कृषक भाइयों से अपील है कि विभागीय पोर्टल दर्शन-1 https://agriculture.up.gov.in/ पर ऑनलाईन बुकिंग करने के उपरान्त जनपद स्थित राजकीय कृषि बीज भण्डारों से खरीफ सत्र में उपलब्ध बीज प्राप्त कर सकते हैं। कृषि विभाग, मुरादाबाद आप सभी कृषक भाइयों से अपील करता है कि वे समय से बीज प्राप्त करें एवं इस योजना का लाभ उठायें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल