स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का आगाज, नामांकन बढ़ाने को निकली जागरूकता रैली
देवरिया, 02 जुलाई (हि.स.)। नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का गुरुवार को उत्साहपूर्वक शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर जिले के सभी प्राथमिक, कंपोजिट, पीएम श्री और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्रवेशोत्सव, प्रभात फेरी, जागरूकता रैली और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें विद्यालय से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
विकास भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने की, जबकि सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर प्रतीकात्मक रूप से नामांकन अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की सहभागिता से जागरूकता रैली निकाली गई। विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, सीडीओ राजेश कुमार सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली विकास भवन से विभिन्न मार्गों से होकर पुनः विकास भवन पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में उत्कृष्ट नामांकन करने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी किया गया। सदर विधायक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ना और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षकों से प्रत्येक बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने सभी शिक्षकों को निर्देश दिए कि 15 जुलाई तक निर्धारित नामांकन लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। कार्यक्रम में विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, स्काउट-गाइड पदाधिकारी, शिक्षक संगठन के प्रतिनिधि, एआरपी, ईसीसीई एजुकेटर तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

