एसडीएम, तहसीलदार की संयुक्त छापेमारी, दो पैथोलॉजी पर गिरी गाज
03 पैथोलॉजी संचालकों को हिरासत में लेने के साथ दो पैथोलॉजी सेंटर किए सील
हमीरपुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कस्बे में बिना मानकों के संचालित हो रही पैथोलॉजी लैब्स के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीबी राजपूत, उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान कई मेडिकल स्टोर और पैथोलॉजी संचालक शटर बंद कर मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान मंडी गेट के सामने स्थित स्टैंडर्ड पैथोलॉजी के संचालक वकार अहमद पुत्र वसी अहमद के पास कोई कागज न होने पर हिरासत में लिया। इसके बाद सरकारी अस्पताल के पास इंडियन अल्ट्रासाउंड एंड पैथोलॉजी में न तो अल्ट्रासाउंड के कागज थे और न ही पैथोलॉजी के जिस पर उसका पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटर सीज किया गया। इसके बाद तहसील रोड स्थित यश पैथोलॉजी संचालक की दुकान पर छापा मारा गया ताे टीम काे देख संचालक बंद कर भागने लगा। जिस पर टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया। जहां अनियमितताएं मिलने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। साथ ही दो संचालकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अचानक हुई छापेमारी की सूचना मिलते ही कई अन्य पैथोलॉजी संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए। टीम ने मेडिकल स्टोर्स पर भी जांच की, जिससे दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना मानकों के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीबी राजपूत ने बताया कि संबंधित संचालकों को एक सप्ताह के भीतर पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया है। निर्धारित समय में कागजात न दिखाने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

