रेस्टोरेंट में 09 घरेलू गैस सिलेंडर पकड़े गए, गैस एजेंसियाें के वितरण में अनियमितता उजागर
बांदा, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा जनपद में आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी, कालाबाजारी और कृत्रिम कमी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और गैस एजेंसियों का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसडीएम सदर नमन मेहता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर जांच की गई, जिसमें साईं दरबार रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग का मामला सामने आया, जबकि आराधना इंडेन गैस एजेंसी में गैस वितरण में अनियमितताएं पाई गईं।
जांच के दौरान साईं दरबार रेस्टोरेंट में कुल 12 गैस सिलेंडर पाए गए, जिनमें 3 कमर्शियल और 9 घरेलू श्रेणी के सिलेंडर थे। रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग पाए जाने पर संचालक के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं सारंग होटल, कृष्णा स्वीट्स, सिग्नेचर और राजदरबार रेस्टोरेंट में भी टीम ने जांच की। इन प्रतिष्ठानों में उपयोग में लाए जा रहे सभी गैस सिलेंडर कमर्शियल श्रेणी के पाए गए और कहीं भी घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल नहीं मिला।
संयुक्त टीम ने संकल्प गैस एजेंसी और आराधना इंडेन गैस एजेंसी का भी निरीक्षण किया। आराधना इंडेन गैस एजेंसी में मौके पर मौजूद लोगों ने समय पर गैस न मिलने की शिकायत की। जांच में यह भी सामने आया कि एक व्यक्ति के नाम पर टोकन जारी हुआ, लेकिन गैस की डिलीवरी किसी अन्य व्यक्ति को कर दी गई। इसके अलावा ऑनलाइन रिपोर्ट और भौतिक रिपोर्ट में भी अंतर पाया गया। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए एजेंसी संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में आवश्यक वस्तुओं, पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है तथा इनकी उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
एसडीएम सदर नमन मेहता ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं जमाखोरी, कालाबाजारी या घरेलू गैस के अवैध उपयोग की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

