तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, दो घायल
कानपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र के कानपुर–सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक और स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। घटना में स्कूटी सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक के पीछे बैठी महिला भी घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मौके से फरार स्कॉर्पियो की तलाश शुरू कर दी गई है।
रमईपुर का रहने वाला फरहान अपने साथी के साथ स्कूटी से बाजार जा रहा था। इसी दौरान घाटमपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने पहले बाइक सवार शशिकांत मिश्रा को टक्कर मारी। जिससे पीछे बैठी पतारा निवासी गायत्री गंभीर रूप से घायल हो गयी। इसके बाद पीछे चल रही स्कूटी को भी टक्कर मार दी। जिसमें फरहान (17) की मौत हो गई। हादसे के बाद कर चालक मौके से फरार हो गया.
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों फरहान, आकिब और गायत्री को बिधनू सीएचसी पहुंचाया। जहां फरहान की हालत को देखते हुए परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि गायत्री और आकिब को बेहतर इलाज के लिए हैलट रेफर कर दिया गया है। बाइक चालक शशिकांत को मामूली चोटे आईं हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वापस घर भेज दिया गया है।
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

