home page

खनन प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों का होगा कायाकल्प : जिलाधिकारी

 | 
खनन प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों का होगा कायाकल्प : जिलाधिकारी


कानपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। खनन प्रभावित क्षेत्रों के विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी सुविधाएं विकसित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएं। सभी प्रस्तावित कार्यों का सत्यापन एक सप्ताह में पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मंगलवार को जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) समिति की बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए।

शिविर कार्यालय में हुई बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और पर्यावरण से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डीएमएफ निधि की 70 प्रतिशत धनराशि खनन से प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित क्षेत्रों में और 30 प्रतिशत अन्य प्रभावित क्षेत्रों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार खर्च की जाए।

जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को खनन प्रभावित क्षेत्रों के सभी प्राथमिक विद्यालयों को चिन्हित कर वहां जरूरी कार्यों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। प्रधानाध्यापकों के माध्यम से विद्यालयों की जरूरतों का आकलन करने के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट से स्थलीय निरीक्षण भी कराया जाएगा। इन क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य स्वास्थ्य इकाइयों की स्थिति का सत्यापन कर आवश्यक कार्यों की सूची तैयार की जाएगी।

निर्माण और सुधार कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को आर्किटेक्ट का चयन करने के निर्देश दिए गए। आर्किटेक्ट की मदद से कार्यों की रूपरेखा तैयार कराई जाएगी, ताकि सभी काम निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों।

जिलाधिकारी ने जिला खनन अधिकारी को डीएमएफ निधि से कराए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना भी एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जिले में डीएमएफ निधि के तहत करीब 3.84 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। इसमें से खनन प्रभावित क्षेत्रों में अब तक लगभग 64 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष धनराशि का नियमानुसार उपयोग करने के लिए जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विवेक चतुर्वेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खनन अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप