हरतालिका तीज पर रोटरी क्लब गोरखपुर का दो दिवसीय मेहंदी कार्यक्रम संपन्न
गोरखपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। हरतालिका तीज के अवसर पर रोटरी क्लब गोरखपुर की ओर से आर्य नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क मेहंदी कार्यक्रम रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। 12 और 13 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यालय की छात्राओं ने स्वयं महिलाओं और युवतियों के हाथों पर आकर्षक मेहंदी लगाई। मेहंदी की व्यवस्था विद्यालय परिवार की ओर से की गई थी। आयोजन के दौरान चाय-बिस्कुट की व्यवस्था भी रही, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता और पारिवारिक वातावरण बना रहा।
रोटरी क्लब गोरखपुर की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य हरतालिका तीज की सांस्कृतिक परंपरा को सामाजिक सहभागिता से जोड़ने के साथ छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। मेहंदी लगाने वाली छात्राओं में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं ने छात्राओं की कला की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
क्लब के अध्यक्ष रोटरियन प्रवीर आर्य ने कहा कि भारतीय पर्व केवल परंपराओं के निर्वहन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे समाज को जोड़ने और आपसी सौहार्द बढ़ाने का भी अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सामाजिक सेवा के साथ भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता देता रहेगा।
कार्यक्रम निदेशक रो. हरे कृष्ण सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विद्यालय परिवार, छात्राओं तथा क्लब सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा मेहंदी लगाने की पहल ने आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर रो. शालिनी दास , रो. विशाखा गुप्ता तथा सचिव रो. शुभेन्दु श्रीवास्तव सहित रोटरी क्लब के सदस्य और विद्यालय परिवार के लोग उपस्थित रहे। दो दिनों तक चले आयोजन में तीज पर्व की पारंपरिक छटा के साथ सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

