home page

स्कूल की दीवार गिरी, मलबे में दबकर राजमिस्त्री और मजदूर की मौत

 | 

हाथरस, 27 मई (हि.स.)। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नीति निवास में बुधवार देर शाम प्राथमिक विद्यालय के पास नाली निर्माण के दौरान अचानक स्कूल की पुरानी दीवार भर-भराकर गिर गई। हादसे में दो लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

ग्राम पंचायत निधि से गांव नीति निवास में पानी की निकासी के लिए प्राथमिक विद्यालय के बगल में नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा था। बुधवार शाम को निर्माण कार्य के दौरान अचानक स्कूल की जर्जर दीवार ढह गई। दीवार गिरने से वहां काम कर रहे राजमिस्त्री डालचंद, सोनपाल और मजदूर मोहित मलबे में दब गए। तीनों गांव नीति निवास के निवासी हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक राजमिस्त्री डालचंद की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल मोहित को उपचार के लिए आगरा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, सोनपाल का उपचार बिसावर के एक अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष चौधरी, तहसीलदार हेमंत चौधरी और क्राइम निरीक्षक जेपी सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कराई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना