home page

देवा मेले में नृत्य और देशभक्ति गीतों ने मोहा मन, विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

 | 
देवा मेले में नृत्य और देशभक्ति गीतों ने मोहा मन, विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर


बाराबंकी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। देवा मेला-2026 के सांस्कृतिक मंच पर बुधवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से एकल नृत्य एवं समूह गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। देशभक्ति गीतों से सभागार गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

एकल नृत्य प्रतियोगिता में वारिस चिल्ड्रेन एकेडमी, फतेहपुर ने प्रथम, जवाहर नवोदय विद्यालय बाराबंकी ने द्वितीय और प्रतिभा इंटर कॉलेज, नरैनी देवा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह गायन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बाराबंकी प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, देवा द्वितीय और पायनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज, बाराबंकी तृतीय स्थान पर रहा।

एकल नृत्य के विजेताओं को क्रमशः 5100, 3500 और 2100 रुपये तथा समूह गायन के विजेताओं को 7500, 5100 और 3500 रुपये का डमी चेक देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में साई इंटर कॉलेज जैदपुर, भावी भारत शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, नूर मोहम्मद इंटर कॉलेज जैदपुर, झाबेर बा पटेल इंटर कॉलेज और रफी मेमोरियल इंटर गर्ल्स इंटर कॉलेज मसौली सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी अनामिका वर्मा, प्रधानाचार्य अखिलेश चंद्र शुक्ल, डायट प्रवक्ता आरपी यादव, अरविंद त्रिपाठी और जमशेद अहमद सहित शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष पाठक ने किया। अरुण कुमार पांडेय और शिवम गुप्ता ने सह-संचालन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी