home page

स्कूल चलो अभियान एक अप्रैल को, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य के साथ शामिल होंगे जनप्रतिनिधि

 | 
स्कूल चलो अभियान एक अप्रैल को, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य के साथ शामिल होंगे जनप्रतिनिधि


बेहतर शिक्षण, शैक्षणिक माहौल पर जोर : बीएसए

प्रयागराज, 30 मार्च (हि.स)। बेसिक शिक्षा विभाग प्रयागराज की ओर से स्कूल चलो अभियान एक अप्रैल को सुबह 10 बजे से जिला पंचायत सभागार के सामने से शुरू होगा। जो कलेक्ट्रेट से कटरा, जगराम चौराहा होते हुए जिला पंचायत सभागार में सम्पन्न होगा।

स्कूल चलो अभियान की संगोष्ठी में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रभारी मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता, भदोही सांसद डॉ रमेश कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महामंत्री डॉ शैलेश कुमार पाण्डेय, महापौर गणेश केसरवानी, विधायकगण हर्षवर्धन बाजपेई, दीपक पटेल, वाचस्पति एवं गुरू प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, डीएम मनीष कुमार, सीडीओ हर्षिका सिंह, एडी बेसिक संजय कुमार कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी शामिल होंगें।

बीएसए अनिल कुमार ने सोमवार को बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल और बेहतर शिक्षण पर जोर दिया जा रहा है। जिससे कि पढ़कर निकलने वाले बच्चे भविष्य में आगे बढ़कर देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित सभी परिषदीय विद्यालयों में छह से 14 वर्ष के बच्चों का नि:शुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के अधिकार के तहत प्रवेश प्रारंभ है। अभिभावक अपने बच्चे का प्रवेश अपने नजदीकी परिषदीय विद्यालय में करवाएं, पढ़ाई का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार उठाएगी।

बीएसए ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का प्रवेश होने पर पक्का एवं सुरक्षित विद्यालय, नि:शुल्क किताबें, वर्कबुक, दो सेट यूनिफार्म, जूते, मोजे, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी, प्रतिदिन पौष्टिक मध्यान्ह भोजन, शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छ शौचालय, बिजली एवं पंखों की सुविधा, स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल शिक्षा, प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षक, पुस्तकालय एवं खेल सामग्री, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां, स्वास्थ्य जांच एवं दवाइयां, डीबीटी के माध्यम से धनराशि स्टेशनरी आदि के लिए 1200 रूपये, दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं और नियमित मूल्यांकन एवं बेहतर शिक्षा का वातावरण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र