home page

फर्रुखाबाद: स्कूल परिसर में खड़ी कार में लगी आग

 | 
फर्रुखाबाद: स्कूल परिसर में खड़ी कार में लगी आग


फर्रुखाबाद, 06 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में थाना मऊदरवाजा क्षेत्र स्थित एक इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल परिसर में खड़ी एक स्कूली वैन (कार)में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, स्कूली वैन बच्चों को छोड़ने के बाद स्कूल प्रांगण में टीन शेड के नीचे खड़ी थी। वैन में कुछ समय बाद अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कार में लगी आग देख स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्कूल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत समर्सिबल (पानी के पंप) की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।

फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि जिस स्थान पर आग लगी, उसके आसपास अन्य स्कूली वाहन भी खड़े थे, जिन्हें समय रहते हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar