home page

सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद्र कश्यप ने दिया इस्तीफा, पार्टी ने अनुशासनहीनता पर निष्कासन बताया

 | 
सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद्र कश्यप ने दिया इस्तीफा, पार्टी ने अनुशासनहीनता पर निष्कासन बताया


लखनऊ, 03 मई (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद्र कश्यप ने रविवार को अचानक पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसकी जानकारी उन्होंने देर शाम पत्र जारी कर दी।

जारी पत्र में लिखा कि अपने पूरे होश में सुभासपा प्रदेश अध्यक्ष पद से आजीवन के लिए इस्तीफा देता हूं। राजनीतिक गलियारों में उनके मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ज्वाइन करने की बात सामने आ रही है। प्रदेश अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा देने के बाद सुभासपा संगठन के और भी सदस्यों के पार्टी छोड़ने की चर्चा तेज हो गई हैं।

प्रेमचंद्र कश्यप के इस्तीफा दिए जाने के बाद सुभासपा की ओर से भी सफाई दी गई है, जिसमें प्रदेश संगठनात्मक अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप को तत्काल प्रभाव से निष्कासित करने की बात कही गई है। पार्टी ने यह कार्रवाई उन्हें कथित रूप से पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के बाद की है।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेमचंद कश्यप की गतिविधियाँ संगठन के हितों के खिलाफ कार्य को मानी गईं, जिसके चलते यह कठोर निर्णय लिया गया। पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी की विचारधारा व नीतियों के विरुद्ध जाने वाले नेताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सुभासपा नेतृत्व को पिछले कुछ समय से प्रेमचंद कश्यप के कार्यों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। मामले की आंतरिक जांच के बाद उनके निष्कासन का निर्णय लिया गया।

इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आगामी रणनीति को लेकर पार्टी जल्द ही नया नेतृत्व घोषित करेगी।

सुभासपा ने स्पष्ट किया है कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और जो भी व्यक्ति इसके अनुरूप कार्य नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पार्टी का कहना है कि सुभासपा अति पिछड़ों, अति दलितों, वंचितों और शोषित वर्गों के हक और हिस्सेदारी की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। इसी सक्रियता से विपक्षी दल परेशान हैं, लेकिन उनके किसी भी मंसूबे को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा