home page

श्रावण मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन, लोधेश्वर धाम 4 जोन और 9 सेक्टर में बंटेगा

 | 
श्रावण मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन, लोधेश्वर धाम 4 जोन और 9 सेक्टर में बंटेगा


बाराबंकी, 03 जुलाई (हि.स.। श्रावण मास में 25 जुलाई से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री लोधेश्वर महादेव मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात, विद्युत, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष श्रावण मास के प्रथम सोमवार का जलाभिषेक 3 अगस्त, द्वितीय सोमवार 10 अगस्त, तृतीय सोमवार 17 अगस्त तथा चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त को होगा। इसके अलावा 14 सितंबर को हरितालिका तीज पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके मद्देनजर विशेष प्रबंध किए जाएंगे।

बाराबंकी मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित श्री लोधेश्वर महादेव धाम में श्रावण मास के दौरान उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। भारी भीड़ को देखते हुए इस बार पूरे मेला क्षेत्र को 4 जोन और 9 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी तथा प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी स्तर के अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के सभी प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अस्थायी चिकित्सालय स्थापित करने, चिकित्सकीय टीमों की तैनाती, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता तथा पांच एम्बुलेंस हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही अभरण एवं बोहनिया तालाब पर मजबूत बैरिकेडिंग, पीएसी की फ्लड कंपनी, नावों की व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में विद्युत एवं अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मेला क्षेत्र की प्रत्येक दुकान पर विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। उन्होंने बताया कि श्री लोधेश्वर धाम कॉरिडोर का निर्माण कार्य जारी है, इसलिए निर्माण स्थलों की मजबूत बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या खतरा न हो।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने निर्देश दिए कि असेनी बाईपास से लेकर श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर तक पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की जाए। मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, संकेतक बोर्ड और बैरिकेडिंग का कार्य समय से पूरा कराया जाए। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा नियमित गश्त के साथ सीसीटीवी निगरानी भी की जाएगी, ताकि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।

समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, उपजिलाधिकारी रामनगर आनंद कुमार तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी