home page

विश्व जल संरक्षण दिवस : औरैया में जल है, तो कल है” के लिए जागरूकता गोष्ठी आयोजित

 | 
विश्व जल संरक्षण दिवस : औरैया में जल है, तो कल है” के लिए जागरूकता गोष्ठी आयोजित


औरैया, 22 मार्च (हि. स.) । समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति (रजि.) औरैया द्वारा मोहल्ला बनारसी दास स्थित काली माता मंदिर प्रांगण में रविवार को विश्व जल संरक्षण दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। “जल है, तो कल है” विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले दिनाें में अधिक जागरुकता फैलानी हाेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने की। इस अवसर पर समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना ही इस दिवस का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर केवल 3 प्रतिशत मीठा पानी ही उपलब्ध है, जबकि 97 प्रतिशत पानी महासागरों में खारे रूप में है, जिसका अधिकांश भाग ग्लेशियरों व झीलों में संग्रहीत है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पानी बनाया नहीं जा सकता, बल्कि केवल बचाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में जल संरक्षण को अनिवार्य पाठ्यक्रम में शामिल करने की आवश्यकता बताई।

पूर्व सभासद पंकज मिश्रा ने कहा कि “जल है, तो कल है” और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करके जल संरक्षण संभव है। समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने जल की बर्बादी रोकने एवं जन-जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

इस कार्यक्रम में शिक्षक विवेक गुप्ता, शिव कुमार पुरवार, संतोष कुशवाहा, सेवानिवृत्त तेज बहादुर वर्मा, अनिल गुप्ता, हिमांशु दुबे, चिकित्सक एल.एन. गुप्ता, हरगोविंद तिवारी, सुधीर कुमार, सतीश चंद्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार