भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए बना सहारा, “एक विचित्र पहल” की महिला शाखा तुलसी ने चलाया जल संरक्षण अभियान
औरैया, 23 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों के सामने उत्पन्न जल संकट को देखते हुए समाजसेवी संगठन “एक विचित्र पहल” की महिला शाखा “तुलसी” ने अभियान चलाया । इसके तहत पक्षियों को गर्मी से राहत पहुंचाने और उनके लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर मिट्टी एवं प्लास्टिक के बर्तनों का वितरण किया गया।
महिला शाखा की सदस्यों ने सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, मंदिर परिसरों और उन मोहल्लों में पानी से भरे बर्तन रखवाए, जहां पक्षियों का अधिक आवागमन रहता है। अभियान का उद्देश्य भीषण गर्मी में प्यास से परेशान पक्षियों को राहत पहुंचाना और लोगों को पर्यावरण एवं जीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान महिलाओं ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों की छतों, बालकनी और आसपास खुले स्थानों पर पानी के बर्तन अवश्य रखें, ताकि गर्मी में पक्षियों की जान बचाई जा सके। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी और जल स्रोतों के सूखने के कारण पक्षियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जीवों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में आनंदनाथ गुप्ता, रानू पोरवाल, हीरू गुप्ता, एस.एस. परिहार सहित दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया और अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

