home page

यूपी में 04 जून से सत्ता परिवर्तन यात्रा निकालेंगे चंद्रशेखर आजाद

 | 
यूपी में 04 जून से सत्ता परिवर्तन यात्रा निकालेंगे चंद्रशेखर आजाद


लखनऊ, 30 मई (हि.स.)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद 04 जून से उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन यात्रा निकालेंगे। यात्रा की शुरूआत बिजनौर जनपद से होगी। यह जानकारी सांसद चंद्रशेखर आजाद 'रावण' ने शनिवार को लखनऊ स्थित यूपी प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

चंद्रशेखर ने अपनी आगामी यात्रा के मुद्दे और नीतियों के बारे में बताया कि सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान वह उत्तर प्रदेश की जनता को अपने 33 संकल्पों से अवगत कराएंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की जब सरकार बनेगी तब उत्तर प्रदेश में हर बच्चे को कक्षा 1 से 12 कक्षा तक निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। शराबबंदी लागू करेंगे। पुलिस विभाग में सिर्फ 08 घंटे ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश होगा। बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। महिलाओं, कर्मचारी, किसानों, बुजुर्गों ने, व्यापारियों को विशेष प्रकार की सहूलियतें दी जाएंगी।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि संविधान बचाने सामाजिक न्याय स्थापित करने, बहुजन समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा दलित, पिछड़े, आदिवासी, मुस्लिम, किसान, मजदूर, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों को एकजुट करने का जन आंदोलन भी है।

यथावत रहे बाबा साहब अंबेडकर का अस्थि कलश

उन्होंने कहा आजाद समाज पार्टी मांग (कांशीराम) करती है कि लखनऊ स्थित बोधिसत्व बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर महासभा एवं अस्थि कलश स्थल को संरक्षित रखा जाए। क्योंकि यह स्थल देश के करोड़ों बहुजन समाज की आस्था, सामाजिक न्याय और संवैधानिक चेतना का प्रतीक है।

इस पवित्र ऐतिहासिक स्थल को प्रभावित करने या हटाने का कोई प्रयास किया गया तो आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रदेशव्यापी जन आंदोलन करेगी।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर मान्यवर कांशीराम तथा बहुजन आंदोलन के महापुरुषों की विरासत स्मारकों और विचारधारा की रक्षा करना उसकी नैतिक और राजनीतिक दायित्व है। इसी उद्देश्य से सत्ता परिवर्तन यात्रा सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और बहुजन समाज के मुद्दों को जन-जन तक हमारी पार्टी पहुंचने का कार्य करेगी।

देश और प्रदेश में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटना को जघन्यतम अपराध घोषित किया जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन