home page

पश्चिम बंगाल विधानसभा के आमंत्रण पर कोलकाता जाएंगे यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना

 | 
पश्चिम बंगाल विधानसभा के आमंत्रण पर कोलकाता जाएंगे यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना


लखनऊ, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना को पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में आयोजित होने वाले नवनिर्वाचित विधायकों के अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा के सहयोग से 3 एवं 4 जुलाई को संसदीय परंपराएँ एवं प्रक्रियाएँ विषय पर दो दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को संसदीय परंपराओं, संसदीय प्रक्रियाओं तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

अपने आमंत्रण पत्र में पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथीन्द्र बोस ने कहा है कि देश की प्राचीन एवं प्रतिष्ठित विधान संस्थाओं में पश्चिम बंगाल विधानसभा का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। संसदीय लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में इस विधानसभा ने समय-समय पर अनेक उल्लेखनीय पहल की हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी तथा नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके संसदीय अनुभवों का लाभ मिलेगा।

श्री महाना ने इस आमंत्रण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के लिए विभिन्न विधानमंडलों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को संसदीय कार्यप्रणाली, संसदीय मर्यादाओं एवं जनप्रतिनिधि के दायित्वों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा